उपेंद्र कुशवाहा ने मोदी सरकार को दिया बड़ा झटका


संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने मोदी सरकार को बड़ा झटका दिया है। पहले तो उन्होंने एनडीए की बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया। अब सूत्रों के हवाले से यह बात भी सामने आई है कि कुशवाहा ने मोदी सरकार से भी नाता तोड़ लिया है। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपना इस्तीफा पीएमओ को फैक्स कर दिया है। बताया जा रहा है कि कुशवाहा आज 2 बजे अपने इस्तीफे का आधिकारिक ऐलान करेंगे। इससे बिहार में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
इससे पहले रालोसपा के एक वरिष्ठ नेता ने भी बताया, ‘कुशवाहा आज बीजेपी से अपनी राह अलग करने की घोषणा कर सकते हैं। वह केंद्रीय मंत्री के पद से भी इस्तीफा दे देंगे।

दरअसल, आज दिल्ली में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों की बैठक होने वाली है। इस दौरान रालोसपा विपक्ष से हाथ मिला सकती है, जिसमें लालू प्रसाद यादव की आरजेडी और कांग्रेस शामिल है। बिहार से लोकसभा में 40 सांसद आते हैं। इस लिहाज से कुशवाहा का भाजपा विरोधी खेमे में जाना अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी प्रमुख पिछले कुछ सप्ताहों से भाजपा और उसके अहम सहयोगी दल के नेता, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं।

पिछले लोकसभा चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा तीन सीटों पर चुनाव लड़ी थी और सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। रालोसपा को 2019 के लोकसभा चुनाव में दो से ज्यादा सीटें नहीं मिलने के भाजपा के संकेतों के बाद से कुशवाहा नाराज चल रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा और जदयू के बीच बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने की सहमति बनी है।

बता दें कि 2014 लोकसभा चुनाव में जेडीयू एनडीए गठबंधन का हिस्सा नहीं थी। अब उसने 2019 के चुनाव के लिए भाजपा से गठबंधन किया है। ऐसे में कुशवाहा को पिछली बार से कम सीटें मिलने की चर्चा जोरों पर थी। इससे कुशवाहा नाराज बताए जा रहे थे।

Source

Comments

Popular posts from this blog

CMS students take out grand march calling for 'Character Building'

CMS student offered scholarship of US$ 1,12,000

CMS teacher to represent India in India-Japan Teachers Exchange Program